डीएम का औचक निरीक्षण, आरोग्य मेले के प्रचार-प्रसार में कमी पर जताई नाराजगी
*डीएम का औचक निरीक्षण, आरोग्य मेले के प्रचार-प्रसार में कमी पर जताई नाराजगी*
जय प्रकाश त्रिपाठी
जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर,
जनपद सिद्धार्थनगर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के अवसर पर 29 मार्च को जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरानी नौगढ़ एवं नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंदवा बाजार धुसरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं की स्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरानी नौगढ़ में जिलाधिकारी ने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, टीकाकरण कक्ष एवं प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण में यह पाया गया कि दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी की संख्या अत्यंत कम है। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से मेले का व्यापक प्रचार कराया जाए तथा संबंधित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंदवा बाजार धुसरी का निरीक्षण किया, जहां आरोग्य मेले के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का अवलोकन किया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, परिवार नियोजन एवं जांच सेवाओं की जानकारी ली तथा लाभार्थियों से संवाद कर फीडबैक भी प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि मेले में शासन की योजनाओं से संबंधित सूचना स्टॉल नहीं लगाए गए थे, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक रविवार को शासन की मंशा के अनुरूप आरोग्य मेला आयोजित किया जाए तथा योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जिलाधिकारी ने स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए परिसर की नियमित सफाई, कचरा निस्तारण, मरीजों के बैठने की व्यवस्था एवं पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को निःशुल्क एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अनूप जायसवाल (एमओआईसी नौगढ़), डॉ. विजय कुमार (पीएसडब्ल्यू), श्री अनन्त प्रकाश (डीईआईसी मैनेजर), श्री रवि प्रकाश (बीसीपीएम नौगढ़) सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।