जिले में फर्जी दस्तावेज़ बनाने वाले बड़े सिंडिकेट का खुलासा, अधिकारी बेखबर
फतेहपुर
फतेहपुर जिले में फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने वाले एक बड़े गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिले में जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज़ धड़ल्ले से फर्जी तरीके से बनाए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, एक युवक राजस्थान की आईडी का इस्तेमाल कर जिले में इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था। उसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह ग्रामीणों को झांसा देकर पैसे ऐंठता नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि बिना किसी वैध पहचान पत्र के ही 1500 से 3000 रुपये लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन कार्रवाई से पहले ही आरोपी युवक सामान समेत फरार हो गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले में फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने के मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, यह भी चर्चा है कि थाने में कार्रवाई न करने के लिए कथित रूप से ‘डील’ की गई।
सूत्रों का कहना है कि यदि इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जाए तो बड़े स्तर पर नेटवर्क और संभवतः विदेशी कनेक्शन भी सामने आ सकते हैं। ऐसे में खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है।
📍 मामला हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मवई गांव के पास का बताया जा रहा है।