राधे हरि डिग्री कॉलेज में प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा एक दिवसीय शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन हुआ।
काशीपुर:-राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा दिनांक 28 मार्च 2026 को विभागीय परिषद के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, रचनात्मकता तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना था।कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, एक्सटेम्पोर (तत्काल भाषण), स्किट (नाट्य प्रस्तुति) तथा शोध पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
बी.एससी. एवं एम.एससी. प्राणी विज्ञान के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता में अल्फेज (एम.एससी. सेमेस्टर IV) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नक्षत्रा पपनै (बी.एससी. सेमेस्टर VI) द्वितीय तथा क्रांति (बी.एससी. सेमेस्टर II) तृतीय स्थान पर रहीं।
स्किट प्रतियोगिता में हर्षिता देवराड़ी (बी.एससी. सेमेस्टर VI) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंशिका (बी.एससी. सेमेस्टर II) द्वितीय तथा सुनिधि चौहान (बी.एससी. सेमेस्टर II) तृतीय स्थान पर रहीं।
क्विज प्रतियोगिता में टीम डार्विन, जिसमें शुभांगी, फिजा, निकिता, शीतल, अंकिता एवं इकरा सदस्य थीं, विजेता रही। टीम अरस्तू प्रथम उपविजेता तथा टीम फ्रैंकलिन द्वितीय उपविजेता घोषित की गई।
कार्यक्रम में बी.एससी. एवं एम.एससी. प्राणी विज्ञान के अनेक छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. ममतैश कुमारी सहित डॉ. आकाश मिश्रा, डॉ. पद्मा वशिष्ठ एवं डॉ. बबीता उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना तथा शैक्षणिक रुचि को और अधिक प्रोत्साहित किया तथा समग्र शिक्षा में इस प्रकार की गतिविधियों के महत्व को पुनः स्थापित किया।