फतेहपुर के बिंदकी तहसील में लेखपाल का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, डीएम ने जांच के दिए निर्देश
फतेहपुर जिले के बिंदकी तहसील परिसर में तैनात एक लेखपाल द्वारा किसान से रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार अमौली विकास खंड के ग्राम सभा भरसा मजरे केवटरा निवासी एक किसान अपनी जमीन संबंधी कागजात लेकर तहसील पहुंचा था। आरोप है कि कार्य कराने के नाम पर लेखपाल मनोज ने उससे रिश्वत की मांग की। कई दिनों तक तहसील के चक्कर लगाने के बाद किसान ने मजबूरी में परिसर के भीतर ही लेखपाल को पैसे दे दिए, जिसका किसी ने वीडियो बना लिया।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर लेखपाल द्वारा पैसे लेने के बाद अतिरिक्त 200 रुपये की मांग करते हुए भी सुना जा सकता है। वहीं किसान अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कम रकम में काम करने की गुहार लगाता नजर आ रहा है। हालांकि AIMA MEDIYA न्यूज़ चैनल वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है ।
मामले में बिंदकी एसडीएम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इस संबंध में रविन्द्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।