धनबाद नगर निगम का बड़ा फैसला: 11 जोनल कमिटियों का गठन, विकास को मिलेगी रफ्तार
55 वार्डों में बेहतर निगरानी और त्वरित समाधान पर जोर, मेयर बोले—अब “एक्शन मोड” में निगम
धनबाद:-:शहर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से धनबाद नगर निगम ने एक अहम निर्णय लेते हुए 55 वार्डों के लिए 11 जोनल कमिटियों का गठन किया है। यह फैसला बाबुडीह स्थित विवाह भवन में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया।
बैठक में संजीव सिंह, , नगर आयुक्त आशीष गंगवार, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो समेत सभी वार्ड पार्षद और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम की कार्यप्रणाली को अधिक संगठित, पारदर्शी और प्रभावी बनाना था। नवगठित जोनल कमिटियों में संबंधित वार्डों के पार्षदों को शामिल किया गया है, जिससे क्षेत्रीय समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की प्रक्रिया को तेज किया जा सके।
इन कमिटियों के माध्यम से अब सड़क, जलापूर्ति, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। इससे योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम अब “एक्शन मोड” में काम कर रहा है और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने बताया कि इन कमिटियों के साथ आगामी बजट पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
वहीं मथुरा प्रसाद महतो ने इस पहल को शहर के विकास के लिए मील का पत्थर बताया और कहा कि इससे केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को तेजी से लागू करने में मदद मिलेगी।
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं भी उठाईं, जिस पर अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही 30 मार्च को विकास योजनाओं पर एक विशेष बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
नगर निगम की यह पहल शहर में विकास कार्यों को नई दिशा देने और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।