रामनवमी उपद्रव पर सख्त कार्रवाई, बलियापुर में उपद्रवियों की निकाली गई पैदल परेड
गिरफ्तार आरोपियों को बाजार में घुमाया, पुलिस का संदेश—कानून तोड़ोगे तो सीधे जेल
बलियापुर (धनबाद):-रामनवमी के दौरान हुए उपद्रव के बाद बलियापुर में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। उपद्रव में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें एक-एक कर गिरफ्तार किया जा रहा है।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को बलियापुर बाजार और भिखराजपुर इलाके में पैदल परेड कराई। इस दौरान आरोपियों को सार्वजनिक रूप से घुमाया गया, जिससे आम लोगों के बीच कानून का डर और प्रशासन की सख्ती का संदेश स्पष्ट रूप से पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए कई आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्त जारी है।
प्रशासन की ओर से दो टूक संदेश दिया गया है—कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को सीधे जेल भेजा जाएगा।