तिरोड़ा तहसील में अवैध रेत भंडारण का मामला, कार्रवाई पर उठे सवाल
तिरोड़ा तहसील में अवैध रेत भंडारण का मामला, कार्रवाई पर उठे सवाल
तिरोड़ा, 26 मार्च 2026: तहसील के मोजा पांजरा स्थित गट नंबर 485 पर आज शाम करीब 4:30 बजे की गई जांच के दौरान अवैध रेत भंडारण का मामला सामने आया। मौके पर करीब 6 बरास रेत पाई गई, जिसे गैर-कानूनी रूप से सरकारी जमीन पर स्टोर किया गया था।
जांच के दौरान मौजूद लोगों से रेत के मालिक और भंडारण के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति सामने आकर इसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद संबंधित रेत को जब्त कर सरकारी डिपो नंबर 6 में जमा कराया गया।
जानकारी के अनुसार, इस रेत को अब सरकारी योजनाओं के तहत घरकुल के लाभार्थियों में वितरित किया जाएगा। हालांकि, रेत के वास्तविक मालिक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
इस मामले की जानकारी दनका संगठन के जिला अध्यक्ष कपिल भोंडेकर द्वारा दी गई। उन्होंने मांग की है कि जब्त की गई रेत को सरकारी डिपो में ही सुरक्षित रखा जाए और जरूरतमंद गरीब परिवारों को इसका लाभ दिया जाए।
वहीं, तिरोड़ा तहसील में कई स्थानों पर अवैध रेत खनन और भंडारण जारी होने के बावजूद प्रशासन और पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।