logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कुसमी में आपत्तिजनक वीडियो वायरल मामला: मुस्लिम समाज में आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज.!


कुसमी/बलरामपुर(मोहम्मद खालिद)

नगर पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम कंजिया में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ वीडियो वायरल होने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के बाद क्षेत्र के मुस्लिम समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया है। समाज के लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंजिया गांव के कुछ युवकों द्वारा इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें अश्लील भाषा, अभद्र टिप्पणी तथा गाली-गलौज का प्रयोग किया गया है। वीडियो में प्रयुक्त शब्दों को लेकर यह आरोप लगाया गया है कि इससे एक विशेष समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने थाना कुसमी पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संबंधित इंस्टाग्राम आईडी को तत्काल ट्रेस करने, आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा उनके विरुद्ध आईटी एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की भड़काऊ सामग्री का प्रसारण सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। अतः प्रशासन से अपेक्षा की गई है कि मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाकर क्षेत्र में शांति एवं भाईचारे का माहौल बनाए रखा जाए।
वहीं, पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों के अनुसार डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए तकनीकी माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा जांच उपरांत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

113
3284 views

Comment