logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जखौर में सम्राट अशोक महान की 2330वीं जयंती पर ऐतिहासिक आयोजन, अखंड भारत के संकल्प के साथ गूंजी भव्य बाइक रैली।

बेहन्दर(हरदोई) ग्राम जखौर, पोस्ट बेहन्दर में अखंड भारत के निर्माता, चक्रवर्ती सम्राट देवानांप्रिय प्रियदर्शी सम्राट अशोक महान की 2330वीं जयंती अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं ऐतिहासिक रूप से मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र के ग्रामीणों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को एक जनआंदोलन का रूप दे दिया।
जयंती समारोह के तहत गांव के मुख्य चौराहे पर सम्राट अशोक महान के नाम का विशाल एवं आकर्षक बैनर स्थापित किया गया, जिसका उद्देश्य क्षेत्रवासियों को उनके आदर्शों—शांति, समता, अहिंसा एवं लोककल्याण—से निरंतर प्रेरित करना रहा। यह बैनर क्षेत्र में जागरूकता का केंद्र बना रहा और लोगों को उनके महान विचारों की याद दिलाता रहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य बाइक रैली रही, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। यह रैली जखौर से प्रारंभ होकर पुरवा, बाबूआपुर, बेहन्दर खुर्द एवं कासिमपुर होते हुए पुनः जखौर में संपन्न हुई। रैली के दौरान “जय सम्राट अशोक महान” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिससे सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित हुआ।
इस कार्यक्रम की मुख्य भूमिका विकास मौर्य ने निभाई, जिन्होंने न केवल इस आयोजन की नींव रखी बल्कि कार्यक्रम की अध्यक्षता भी की। उनके नेतृत्व में पूरा आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान सम्राट अशोक क्लब भारत के सदस्य कौशल मौर्य ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सम्राट अशोक महान के लोककल्याणकारी शासन, उनकी नीतियों एवं मानवतावादी विचारधारा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सम्राट अशोक के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में शांति, भाईचारा एवं विकास को सुदृढ़ करें।
सभा के अंत में वहां उपस्थित सभी लोगों ने सम्राट अशोक महान के आदर्शों पर चलने का सामूहिक प्रण लिया। सभी ने एक स्वर में संकल्प व्यक्त किया कि वे सम्राट अशोक महान के सपनों का भारत बनाएंगे तथा भारत को पुनः अखंड भारत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। “जय सम्राट अशोक महान” के उद्घोष के साथ रैली एवं सभा का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस सफल आयोजन में आयोजक समिति के प्रमुख सदस्य—
कौशल मौर्य, संतोष मौर्य, गोकरन मौर्य, रामकृष्ण गौतम, शोभित मौर्य, उत्तम मौर्य, रामदास मौर्य, अमित मौर्य, तिवारी मौर्य, जीतू मौर्य, बबलू मौर्य, सरोज मौर्य, हिमांशु मौर्य, सुमित यादव, अनूप वर्मा, सूरज मौर्य, आकाश मौर्य, लालू मौर्य, छोटे मौर्य, अवधेश मौर्य, आदर्श मौर्य, सतीश कुमार मौर्य एवं कन्हैयालाल मौर्य—का सराहनीय योगदान रहा।

रिपोर्ट :- शाक्य आशीष सिंह मौर्य (न्यूज़ रिपोर्टर)

11
1585 views

Comment