logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बारिश-तेज हवा से बढ़ी किसानों की चिंता, फसल को नुकसान का अंदेशा

शाहजहांपुर। जनपद समेत आसपास के कई जिलों में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार और शुक्रवार को हुई बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के बीच खेतों में खड़ी फसल को नुकसान का खतरा मंडराने लगा है। खासकर गेहूं और सरसों की तैयार फसल पर इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

भावलखेड़ा क्षेत्र के कई गांवों में बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि फसल कटाई के समय आई इस बारिश से उत्पादन पर सीधा असर पड़ सकता है। किसान कमलेश यादव ने बताया कि पहले ही बढ़ती महंगाई ने किसानों की कमर तोड़ रखी है। खाद, डीजल, यूरिया और डीएपी समय पर नहीं मिलते, और जब मिलते हैं तो महंगे दामों पर खरीदने पड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि कर्ज लेकर और मेहनत के बाद फसल तैयार की जाती है, लेकिन अब मौसम की मार से पूरी मेहनत पर पानी फिरने का डर सता रहा है। वहीं, मास्टर यादव ने बताया कि वह सरसों की कटाई कर रहे थे, तभी अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे कटी हुई फसल भी भीग गई और नुकसान हुआ है।

किसानों का कहना है कि अगर मौसम का यही रुख बना रहा तो उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर हो सकती है। कई किसानों ने बताया कि वे उधार लेकर खेती करते हैं और फसल खराब होने पर कर्ज चुकाना मुश्किल हो जाएगा।

किसानों ने सरकार से मांग की है कि उन्हें सस्ती दरों पर खाद, बीज और डीजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही मंडियों में फसल की समय पर खरीद और उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। किसानों का कहना है कि यदि लागत के अनुरूप दाम और फसल की सुरक्षा नहीं मिली, तो खेती करना दिन-ब-दिन कठिन होता जाएगा।

5
144 views

Comment