रेलवे ट्रैक पर रील बनाती महिला का वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शाहजहांपुर। जिले में रेलवे ट्रैक पर रील बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह रेलवे पटरी के बीच चलते हुए वीडियो बनवाती नजर आ रही है। इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और जीआरपी की सक्रियता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो में महिला बेखौफ होकर ट्रैक के बीच खड़ी दिखाई दे रही है। बाद में इस वीडियो में गाना जोड़कर उसे सोशल मीडिया पर साझा किया गया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो शाहजहांपुर के किस स्थान का है और वीडियो में दिख रही महिला की पहचान क्या है।
लगातार बढ़ रहे ऐसे मामले
शाहजहांपुर में पिछले एक महीने के दौरान रेलवे ट्रैक पर रील बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। लोग सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। जीआरपी की ओर से कुछ मामलों में कार्रवाई भी की गई, लेकिन इन घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
करीब तीन महीने पहले रेलवे ट्रैक पार करते समय एक बाइक पर सवार पांच लोगों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। इसके बावजूद लोग सबक लेते नजर नहीं आ रहे हैं।
एक महीने में कई घटनाएं
एक महीने पहले तीन युवकों ने ट्रैक पर कबूतरों के साथ वीडियो बनाया था, जिस पर कार्रवाई हुई थी।
दस दिन पहले एक नाबालिग का वीडियो सामने आया, जिसमें वह बंद रेलवे क्रॉसिंग पर स्केटिंग करता दिखा था।
चार दिन पहले भी स्टेशन के पास एक युवती की रील वायरल हुई थी।
अब महिला का नया वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन की सतर्कता पर सवाल और गहरे हो गए हैं।
जीआरपी की चुप्पी
मामले में जीआरपी इंस्पेक्टर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। ऐसे में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जानलेवा हो सकता है शौक
विशेषज्ञों का कहना है कि रेलवे ट्रैक पर वीडियो बनाना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि बेहद खतरनाक भी है। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने की होड़ में लोग अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को सख्ती बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने की भी जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।