होशियारपुर में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह, पंपों पर लगी लंबी कतारें
होशियारपुर में बुधवार शाम पेट्रोल, डीजल और गैस खत्म होने की अफवाह फैलने के बाद शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खासकर बस स्टैंड के पास स्थित पेट्रोल पंप पर लोगों की बहुत लंबी कतारें देखी गईं। लोग अपने वाहनों के साथ 1 से 1.5 घंटे तक लाइन में खड़े होकर पेट्रोल-डीजल भरवाते रहे।
हालांकि, प्रशासन ने इस अफवाह को पूरी तरह गलत बताया है। डीसी और पेट्रोल पंप डीजल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और पैनिक न हों। साथ ही यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के ऐसी खबरें फैलाने से बचें, ताकि शहर में अनावश्यक भीड़ और परेशानी न हो।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि शहर में आवश्यक ईंधन और गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है।