जमशेदपुर क्राइम न्यूज़: प्रेम प्रसंग में चाकूबाजी, युवक गंभीर
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित थीम पार्क के समीप मंगलवार देर शाम एक सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस हमले में घायल युवक की पहचान आदर्श सिंह के रूप में हुई है, जिसे गंभीर अवस्था में टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के समय संबंधित युवती भी मौके पर मौजूद थी। आरोप है कि युवती के इशारे पर फारूक और अयान ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर आदर्श सिंह पर धारदार हथियार (चाकू) से हमला कर दिया।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आदर्श सिंह युवती से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा कई बार समझाने और दूरी बनाने की कोशिश के बावजूद वह लगातार उसके संपर्क में रहने का प्रयास कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया और अंततः मामला हिंसक रूप ले बैठा।
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।