तिलाईपाली मोड़ बना दुर्घटना का गढ़… कब जागेगा प्रशासन?
चित्रसेन घृतलहरे, AIMA MEDIA //सरसीवा/सारंगढ़-बिलाईगढ़//सरसीवा से लगभग 3 किलोमीटर दूर तिलाईपाली मोड़ लगातार दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। सरसीवा–सारंगढ़ मुख्य सड़क पर स्थित यह मोड़ स्थानीय लोगों के लिए खतरा बन चुका है, लेकिन इसके बावजूद शासन-प्रशासन की बेरुखी साफ दिखाई देती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मोड़ बेहद खतरनाक है, फिर भी यहां गति नियंत्रित करें, खतरनाक मोड़, दुर्घटनाजनित क्षेत्र जैसे आवश्यक साइन बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। नतीजतन आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा
आज देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक चालक ने बताया कि सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का वाहन क्रमांक CG04 PD 5916 है, जो बलौदा बाजार से सीमेंट लेकर सारंगढ़ की ओर जा रहा था।
इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन ट्रक पर लोड पूरा सीमेंट सड़क पर बिखर गया तथा वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रशासनिक उदासीनता पर उठे सवाल
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद इस मार्ग पर चेतावनी बोर्ड का न होना स्पष्ट प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित संकेत बोर्ड और सुरक्षा इंतज़ाम लगाए जाएं, तो ऐसे हादसों पर काफी हद तक रोक लग सकती है।
अब देखना यह है कि खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन नींद से जागता है या नहीं…