टोल प्लाजा कर्मियों की करतूत, किसानों का रास्ता जेसीबी से खोदकर किया बाधित
*हरदोई*
लखनऊ नेशनल हाईवे 731 पर स्थित वल्लीपुर टोल प्लाजा कर्मियों की करतूत से ग्रामीणों और किसानों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने मनमानी करते हुए नहर पटरी के उस रास्ते को जेसीबी से खोदकर बाधित कर दिया है, जिसका उपयोग किसान वर्षों से अपने खेतों तक आने-जाने के लिए करते रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में टोल प्लाजा कर्मियों ने जेसीबी मशीन लगाकर इस मार्ग को कई स्थानों पर खोद दिया और बीच-बीच में मिट्टी डालकर रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। इससे किसानों और ग्रामीणों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है और उन्हें खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर रास्ता बहाल कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।