शहीदों की प्रतिमाएं तोड़े जाने पर व्यापार मंडल में रोष, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
शाहजहांपुर। नगर निगम परिसर में शहीदों की प्रतिमाएं तोड़े जाने की घटना के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश ने कड़ा आक्रोश जताया। संगठन के पदाधिकारियों ने महानगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष सोम मित्तल गुप्ता के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि 23-24 मार्च 2026 की रात नगर निगम प्रांगण में स्थापित अमर शहीदों की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। शाहजहांपुर को ‘शहीदों की नगरी’ के रूप में पहचान दिलाने वाले वीर सपूतों का यह अपमान है। व्यापार मंडल ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महानगर अध्यक्ष मोहम्मद सलाहुद्दीन अख्तर ने बताया कि कटिया टोला स्थित लाल इमली चौराहा के पास एक गली में रेस्टोरेंट द्वारा मांस के अवशेष व गंदा पानी फेंककर गंदगी फैलाई जा रही है। इस संबंध में नगर निगम को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके अलावा वार्ड संख्या 13 के भारद्वाजी मोहल्ला में मुन्नुगंज फाटक के पास गली में लंबे समय से गड्ढा होने और बिजली के खंभे की लाइट खराब रहने की समस्या भी उठाई गई। व्यापार मंडल ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बहादुरगंज क्षेत्र में प्रस्तावित नए शौचालय के निर्माण पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया कि पास ही गोलगंज में पहले से मौजूद जर्जर शौचालय का पुनर्निर्माण कराया जाना अधिक उचित होगा।
व्यापार मंडल ने नगर आयुक्त से सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के साथ ही शहर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की है।