पूर्व मध्य रेल का स्पीड ट्रायल आज, 180 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी मॉनिटरिंग ट्रेन,ट्रैक से दूर रहने की अपील
डीडीयू–गया–प्रधानखांटा रेलखंड पर हाईस्पीड निरीक्षण, लोगों से ट्रैक से दूर रहने की अपील
रेल प्रशासन ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी, फाटक और ट्रैक पार करने पर सख्त चेतावनी
समपार फाटकों और रेलवे ट्रैक के पास सतर्कता बढ़ाई गई
ट्रायल के दौरान मवेशियों को भी ट्रैक से दूर रखने की अपील
पटना/डीडीयू-गया-धनबाद रेलखंड:-पूर्व मध्य रेल के डीडीयू-गया-प्रधानखांटा रेलखंड पर अवसंरचना उन्नयन के तहत 25 मार्च 2026 (बुधवार) को हाई स्पीड ट्रायल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम से लैस होगी और अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल करेगी।
यह ट्रायल ट्रेन डाउन दिशा में डीडीयू जंक्शन से गया जंक्शन होते हुए प्रधानखांटा तक जाएगी और इसके बाद अप दिशा में पुनः डीडीयू जंक्शन लौटेगी।
रेलवे प्रशासन ने आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि ट्रायल के दिन रेल लाइन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, ट्रैक के पास न जाएं और अपने मवेशियों को भी दूर रखें।
साथ ही सभी समपार फाटकों पर लगे संकेतों और निर्देशों का पालन करने, बंद फाटक को पार न करने और अनाधिकृत स्थानों से रेल लाइन पार न करने की सख्त हिदायत दी गई है। स्टेशनों पर यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म जाने के लिए केवल फुट ओवर ब्रिज का ही उपयोग करने को कहा गया है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार की लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित व्यक्ति की होगी।