साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर, झारखंड में बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी
रांची/झारखंड:-झारखंड में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के लगभग सभी जिलों में आज और कल बादल छाए रहने की संभावना है।
वहीं 27 और 28 मार्च को उत्तर-पूर्वी इलाकों को छोड़कर राज्य के अन्य हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और खेतों में काम कर रहे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। किसानों को भी अपनी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।
मौसम के इस बदलाव से जहां एक ओर गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर वज्रपात और तेज हवा के कारण सतर्कता बरतना बेहद जरूरी हो गया है।