संभल में हाईटेक हैकर गिरोह का पर्दाफाश,हैकिंग करके करते थे आधार कार्ड में नाम पता और फिंगर प्रिंट में बदलाव।3 गिरफ्तार,4 फरार।
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस ने एक ऐसे संगठित साइबर अपराधी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो आधार कार्ड के डेटाबेस में हैकिंग करके अवैध रूप से सेंध लगाकर नाम, पता, फिंगरप्रिंट बदल देते थे। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार फरार होने में सफल रहे।
ये हैकर्स किसी दूसरे अधिकृत आधार केंद्र की लॉगइन आईडी और पासवर्ड हैक कर लेते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में बैठे अपने साथियों से आधार पोर्टल की आईडी प्राप्त करते थे और अवैध सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर इसे निर्धारित केंद्र के बाहर कहीं भी लॉगइन कर लेते थे। गिरोह के सदस्य लोगों के आधार में नाम, फोटो, मोबाइल नंबर और फिंगरप्रिंट तक अपडेट कर देते थे।आधार अपडेट के लिए वे फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और पासपोर्ट का इस्तेमाल करते थे।
बहजोई पुलिस ने छापेमारी कर जसवीर (ग्राम ढयोढाई), हरीश (ग्राम मनैना रामगढ़) और विल्टू (ग्राम नंदपुर) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो लैपटॉप, प्रिंटर स्कैनर, फिंगरप्रिंट स्कैनर,फर्जी आधार कार्ड और आवेदन फॉर्म,मोबाइल और अन्य तकनीकी उपकरण बरामद किए हैं।