पूर्वांचल विश्वविद्यालय के छात्र को दुबई में मिला 'बेस्ट पेपर अवार्ड', AI शोध में गाड़ा झंडा
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (VBSPU) के नाम एक और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि जुड़ गई है। विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के एमटेक छात्र मो. मुज्तबा अख्तर ने दुबई में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 'बेस्ट पेपर अवार्ड' जीतकर जनपद और संस्थान का मान बढ़ाया है।
डिजिटल सुरक्षा पर केंद्रित है शोध
मुज्तबा अख्तर ने दुबई में संपन्न हुए "इन्फॉर्मेशन सिस्टम डिजाइन एंड इंटेलिजेंट एप्लीकेशन–2026" (INDIA-2026) कॉन्फ्रेंस में अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया। उनका यह शोध कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और प्राकृतिक भाषा संसाधन (NLP) के उन्नत प्रयोगों पर आधारित है। विशेष रूप से, उन्होंने 'मैनिपुलेटेड स्पीच' (छेड़छाड़ की गई आवाज) की पहचान करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक विकसित की है, जो भविष्य में डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों को रोकने में अत्यंत प्रभावी साबित होगी।
कुलपति ने दी बधाई
छात्र की इस वैश्विक सफलता पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने मुज्तबा को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर शोध की सराहना होना विश्वविद्यालय की उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता और बेहतर शोध संस्कृति का प्रमाण है। यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
कुशल मार्गदर्शन का परिणाम
यह शोध कार्य कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भटेजा के निर्देशन में संपन्न हुआ है। छात्र की इस सफलता पर इंजीनियरिंग संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल, आईक्यूएसी चेयरमैन प्रो. गिरिधर मिश्र और परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुज्तबा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।