फर्जी GST फर्मों से 2 करोड़ की कर चोरी, गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
शाहजहांपुर:
जनपद में फर्जी जीएसटी फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये की कर चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान देवरिया निवासी पंकज कुमार यादव के रूप में हुई है, जो काफी समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला नवंबर 2025 में थाना रोजा में दर्ज किया गया था, जिसमें करीब 2 करोड़ रुपये की कर चोरी का आरोप सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। टीम ने पहले ही गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि पंकज यादव वांछित चल रहा था।
सोमवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को मोहम्मदी पुल स्थित जीएसटी कार्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
पंकज ने बताया कि उसने करीब 7-8 महीने पहले 2000 रुपये में एक प्री-एक्टिव सिम कार्ड खरीदा था। उसी सिम के माध्यम से ईमेल आईडी बनाकर उसने “प्रमोद एंटरप्राइजेज”, “सचिन ट्रेडर्स”, “दीपक एंटरप्राइजेज” और “यश एंटरप्राइजेज” के नाम से फर्जी जीएसटी फर्में तैयार कीं। इन फर्मों के जरिए फर्जी रिटर्न दाखिल कर टैक्स चोरी की जाती थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी इस नेटवर्क में सक्रिय थे। गाजियाबाद निवासी राजेश ट्रकों की फर्जी जानकारी उपलब्ध कराता था, जबकि दिल्ली की रचना नकली जीएसटी बिल तैयार कर भेजती थी। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर पोर्टल पर डेटा अपलोड कर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत लाभ लिया जाता था।
थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।