टीएफआई की बैठक संपन्न, 4 अप्रैल के दिल्ली धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान
शाहजहांपुर। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) की एक आवश्यक बैठक मंगलवार को शहर के रोटी गोदाम विद्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मुनीश मिश्र ने की।
बैठक में 4 अप्रैल 2026 को दिल्ली में प्रस्तावित विशाल धरना-प्रदर्शन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता लागू करना न्यायसंगत नहीं है। इससे हजारों शिक्षकों की सेवा सुरक्षा पर संकट उत्पन्न हो गया है। इस मुद्दे को लेकर टीएफआई के बैनर तले राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन चलाया जा रहा है, जिसमें शाहजहांपुर से भी बड़ी संख्या में शिक्षक भाग लेंगे।
बैठक में जिला मंत्री देवेश वाजपेई, उर्दू शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष परवेज आलम, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष ब्रजेश वर्मा सहित कई शिक्षक नेताओं ने अपने विचार रखे। सभी ने एक स्वर में आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
निर्णय लिया गया कि जनपद से अधिकाधिक संख्या में शिक्षक दिल्ली पहुंचेंगे। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जाएगा और शिक्षकों को जागरूक करने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई।
अंत में जिलाध्यक्ष मुनीश मिश्र ने कहा कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सभी शिक्षकों को एकजुट होकर 4 अप्रैल के धरना-प्रदर्शन में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।