बहरागोड़ा के पानीफोड़ा गांव में मिला दूसरा बम, सेना की जांच में निकला निष्क्रिय
झारखंड
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पानीफोड़ा गांव में एक बार फिर बम मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि सेना की जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि बरामद बम निष्क्रिय (डिफ्यूज/डेड) है और इससे किसी प्रकार का खतरा नहीं है।
जानकारी के अनुसार, पानीफोड़ा गांव के पास स्थित स्वर्णरेखा नदी के तट पर ग्रामीणों ने संदिग्ध वस्तु देखी, जिसकी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और इसके बाद सेना को जांच के लिए बुलाया गया।
सेना की बम निरोधक टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच की, जिसके बाद पुष्टि की गई कि यह बम जिंदा नहीं है, बल्कि पूरी तरह निष्क्रिय हो चुका है। इसके बाद प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर इसी क्षेत्र में बम मिलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी स्वर्णरेखा नदी के किनारे एक भारी भरकम बम बरामद हुआ था, जिसे बाद में सेना की मदद से सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
शांत और सामान्य जीवन जीने वाला बहरागोड़ा प्रखंड का यह गांव अब अचानक सुर्खियों में आ गया है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और यह मामला तेजी से ट्रेंड कर रहा है।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। साथ ही पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और स्वर्णरेखा नदी के आसपास सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन लगातार मिल रहे बमों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।