रायबरेली मे सिर्फ 2 रुपये के लिए खून-खराबा! रायबरेली में हिस्ट्रीशीटर का कहर, परिवार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा”
मामूली विवाद बना जानलेवा हमला, महिलाओं तक को नहीं छोड़ा
लोहे की रॉड-लाठियों से पीटकर चार लोग घायल, युवक की हालत गंभीर
रायबरेली: शहर कोतवाली क्षेत्र के जिला अस्पताल चौराहे पर स्थित एक ढाबे पर महज 2 रुपये के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हिस्ट्रीशीटर ढाबा संचालक शिवा सोनकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्नाव से आए एक परिवार पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि उन्नाव से एक परिवार अपने मरीज को देखने जिला अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल के बाहर स्थित ढाबे पर खाना खाने के बाद बिल चुकाने के दौरान दो रुपये को लेकर कहासुनी हो गई। इसी बात पर ढाबा संचालक भड़क उठा और गाली-गलौज शुरू कर दी।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने साथियों को बुलाकर परिवार को घेर लिया और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। लोहे की रॉड और लाठियों से किए गए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पिता और दो महिलाओं को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. अतुल पांडेय के अनुसार, घायलों का इलाज जारी है और युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
आरोपी शिवा सोनकर इलाके का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।