प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसा: पूर्व मंत्री अंसार अहमद समेत 7 पर FIR, 4 मजदूरों की मौत, कई घायल
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। फाफामऊ जोन के चंदापुर गांव स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज की इमारत अचानक ढह गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे से पहले तेज धमाका हुआ और इसके बाद अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसकी बदबू करीब एक किलोमीटर तक फैल गई।
घटना के समय कोल्ड स्टोरेज में कई मजदूर काम कर रहे थे। छत और दीवारें गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में अब तक 4 मजदूरों की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश के रूप में हुई है। वहीं 12 से 14 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज एसआरएन और बेली अस्पताल में चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है तथा लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूर्व मंत्री अंसार अहमद समेत 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।