भोजपुरी गौरव डॉ. राकेश श्रीवास्तव का भव्य सम्मान, अकादमी पुरस्कार पर गूंजा अभिनंदन
गोरखपुर। भोजपुरी लोकसंगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले सुप्रसिद्ध लोकगायक डॉ. राकेश श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश संगीत नाट्य कला अकादमी पुरस्कार घोषित होने पर विश्व हिंदू महासंघ, उत्तर प्रदेश द्वारा एक गरिमामय एवं भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति ने डॉ. श्रीवास्तव को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने अपनी मधुर आवाज और लोकसंस्कृति के प्रति समर्पण से भोजपुरी संगीत को देश-प्रदेश में नई पहचान दिलाई है। वे न केवल एक कुशल गायक हैं, बल्कि विश्व हिंदू महासंघ के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त बना रहे हैं।
समारोह में संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। योग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विनय मल्ल, प्रदेश उपाध्यक्ष इंजी. राजेश्वरी प्रसाद विश्वकर्मा, प्रदेश क्षेत्रीय महामंत्री श्याम बाबू शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. श्रीवास्तव को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
कार्यक्रम में डॉ. उदय चंद शर्मा, अजय कुमार विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, जनार्दन मिश्रा, डॉ. चिन्मयानंद मल्ल, शिवानंद श्रीवास्तव, अमरनाथ मणि, आशुतोष सिंह, प्रभुनाथ मिश्र, सत्येंद्र सिंह, चंदन मौर्य, ऋषभ दुबे, रवि दुलारे कनौजिया, मोनिका शरण श्रीवास्तव, आशा शर्मा, लीला श्रीवास्तव, सपना श्रीवास्तव, इंद्र कला साहनी, पुष्पा जैन, संगीता शाही, डॉ. कृष्णकांत दुबे, डॉ. संतोष गुप्ता, डॉ. गिरीश चन्द्र द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे समारोह में उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला। सभी उपस्थित लोगों ने डॉ. राकेश श्रीवास्तव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी भोजपुरी संस्कृति का नाम रोशन करते रहेंगे।