logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

धमतरी में बनेगा हाईटेक बस स्टैंड, 3डी मैपिंग से डिजाइन तैयार, 18 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

6 एकड़ की जमीन पर ये हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा. लंबे वक्त से आधुनिक बस स्टैंड की डिमांड की जा रही है.

धमतरी:शहर में एक आधुनिक बस स्टैंड की मांग लोग लंबे वक्त से नगर निगम से कर रहे हैं. अब उस मांग पर विराम लगता दिखाई पड़ रहा है. जल्द ही शहर में एक हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. हालाकि अभी इसकी स्वीकृति नहीं मिली है. लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही स्वीकृति भी मिल जाएगी और निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा. नए बस स्टैंड को लेकर नगर निगम द्वारा परियोजना की 3डी मैपिंग कर आधुनिक डिजाइन तैयार कर लिया गया है, जिससे आने वाले समय में धमतरी को एक व्यवस्थित और स्मार्ट परिवहन केंद्र मिल सकेगा.

हाईटेक बस स्टैंड का सपना होगा पूरा
बताया जा रहा है कि करीब 18 करोड़ की लागत से लगभग 6 एकड़ भूमि पर इस हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा. परियोजना का पूरा रोड मैप तैयार कर लिया गया है, जिसमें बस स्टैंड के चारों ओर से सुगम सड़क कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े. बस स्टैंड परिसर को आधुनिक शहरी मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था भी सुचारू रहेगा और लोगों को भी आने जाने में सहूलियत रहेगी.

सभापति ने किया इंजीनियरों के साथ दौरा
धमतरी नगर निगम के पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने इंजीनियरों और तकनीकी टीम के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया है. टीम ने कार्य की प्रगति तथा प्रस्तावित सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा भी की है. निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. साथ ही कहा कि यह परियोजना धमतरी शहर के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी और इससे जिले की परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

बस स्टैंड में मौजूद होगी यात्रियों के बेहतरीन सुविधा
प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक वेटिंग हॉल, डिजिटल सूचना प्रणाली, टिकट काउंटर, स्वच्छ शौचालय, पेयजल व्यवस्था, पार्किंग क्षेत्र और सुरक्षा व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी. यहां लगभग 250 बसों के आवागमन की क्षमता के अनुरूप प्लेटफॉर्म और पार्किंग स्पेस तैयार किया जाएगा, जिससे बसों का संचालन व्यवस्थित और सुगम हो सके. इसके अलावा परिसर में पुलिस सहायता केंद्र, रेस्टोरेंट, फूड कोर्ट, स्थानीय व्यापारिक दुकानों के लिए कॉमर्शियल स्पेस, विश्राम कक्ष और यात्रियों के ठहरने के लिए पर्याप्त स्थान भी बनाया जाएगा. परियोजना के तहत हरित क्षेत्र और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि बस स्टैंड आधुनिक होने के साथ-साथ आकर्षक भी दिखाई दे.

सीएम का धमतरी दौरा संभावित

नगर निगम के पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने बताया कि भूमि पूजन कार्यक्रम के लिए अगले एक सप्ताह के भीतर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव के धमतरी आने की संभावना है. इस निर्माण कार्य के शुरू होने से न केवल शहर की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी. नगर निगम द्वारा तैयार 3डी डिजाइन और विस्तृत तकनीकी योजना के आधार पर जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की तैयारी अंतिम चरण में है. शहरवासियों को उम्मीद है कि सालों से जिस आधुनिक बस स्टैंड की मांग की जा रही थी, वह अब जल्द ही हकीकत में बदलने जा रही है.

5
562 views

Comment