तहसील जलालाबाद में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
शाहजहाँपुर,
23 मार्च 2026।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत तहसील जलालाबाद में सोमवार को एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में तहसील दिवस के अवसर पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सर्किल क्षेत्र के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
तहसील परिसर में विभिन्न थानों द्वारा मिशन शक्ति स्टॉल लगाए गए, जहां महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान हेल्पलाइन नंबर 1090, 181 और 112 के बारे में भी विस्तार से बताया गया और जरूरत पड़ने पर इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आत्मरक्षा के उपाय, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ जैसी घटनाओं में त्वरित सहायता प्राप्त करने के तरीकों पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। अधिकारियों ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिशन शक्ति अभियान के तहत अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंच बनाकर उन्हें जागरूक किया जाए, जिससे समाज में सुरक्षा और सम्मान का वातावरण और मजबूत हो सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया और आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।