क़ल्याण रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: OHE पोल पर चढ़े युवक को करंट का झटका, हालत नाज़ुक
कल्याण सूत्र
क़ल्याण रेलवे स्टेशन से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक रेलवे के हाई वोल्टेज इलेक्ट्रिक खंभे (OHE पोल) पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही पलों में उसे तेज़ करंट का जोरदार झटका लगा, जिससे वह आग की लपटों में घिर गया।
बताया जा रहा है कि करंट इतना खतरनाक था कि युवक करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गया। शॉक लगने के बाद वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें भी आईं।
मौके पर मौजूद लोगों और रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे क़ल्याण के एक अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे मुंबई के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत अब भी बेहद नाज़ुक बनी हुई है। फिलहाल उसकी पहचान आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है।
यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि रेलवे के हाई वोल्टेज तारों और पोल के पास जाना बेहद जानलेवा साबित हो सकता है। रेलवे प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि ऐसी खतरनाक हरकतों से बचें और अपनी जान जोखिम में न डालें।