फतेहपुर: पुलिस व बकरी चोरों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल, आठ गिरफ्तार
फतेहपुर जनपद के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बकरी चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि आठ अन्य आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर थाना पुलिस गुनीर तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन गाड़ियों में सवार कुछ लोग संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से फायरिंग हुई, जिसमें लवलेश निषाद नामक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश हमीरपुर जनपद का निवासी बताया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आठ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए गिरोह के सदस्यों के खिलाफ जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।