पदोन्नति एवं सम्मान समारोह 37वीं वाहिनी पीएसी, कानपुर नगर
दिनांक 22 मार्च 2026 को 37वीं वाहिनी पीएसी, कानपुर नगर के प्रांगण में पदोन्नति एवं अलंकरण (पाइपिंग) समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय अवसर पर सेनानायक श्री बी.बी. चौरसिया (IPS) की उपस्थिति में संस्थान की सहायक सेनानायक प्रथम, श्रीमती तनु उपाध्याय (DySP) को ‘अपर पुलिस अधीक्षक’ पद पर पदोन्नत होने पर औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान सेनानायक महोदय ने उनके कंधों पर अशोक स्तंभ लगाकर उन्हें नवीन पद की गरिमा से अलंकृत किया। वर्दी पर सुसज्जित यह अशोक स्तंभ न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक है, बल्कि विभाग के प्रति उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, अटूट कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन का भी द्योतक है। अपने संबोधन में सेनानायक महोदय ने कहा कि पदोन्नति केवल पद की वृद्धि नहीं, बल्कि उत्तरदायित्वों का विस्तार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती उपाध्याय अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ऊर्जा, सूझबूझ एवं समर्पण के साथ करते हुए विभाग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। साथ ही उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य की कामना भी की।
समारोह के अंत में वाहिनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए नवपदस्थापित अपर पुलिस अधीक्षक महोदया का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर शिविरपाल श्री चंद्रेश्वर, आरटीसी प्रभारी सीसी मनोज कुमार श्रीवास्तव, सूबेदार सैन्य सहायक सुरेंद्र सिंह, हेड क्लर्क विनीत त्रिपाठी, पीसी रावेंद्र चौधरी, पीसी शिवांशु द्विवेदी, रामेंद्र सिंह, पीसी राहुल सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: किशोर मोहन गुप्ता
कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश