चिरकुंडा में नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष विजय यादव के समर्थन में भव्य विजय जुलूस
धनबाद: चिरकुंडा नगर परिषद के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष विजय यादव की जीत की खुशी में रविवार को भव्य विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस कुमारधुबी स्थित बागान धौड़ा से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचा।
इस दौरान विजय यादव ने जनता का आभार जताते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या दूर करना, साफ-सफाई सुनिश्चित करना और जर्जर सड़कों का निर्माण उनकी प्राथमिकता होगी। अधूरे विकास कार्यों को जल्द पूरा करने का भी आश्वासन दिया।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने पारदर्शिता लाने और गड़बड़ियों की जांच कराने की बात कही। जुलूस में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और सैकड़ों समर्थकों ने हिस्सा लिया।
समर्थकों ने नारेबाजी कर स्वागत किया, वहीं स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर नए उपाध्यक्ष का अभिनंदन किया।