logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ओड़ान में गूंजा गोंडवाना का उत्सव 28 जोड़ों का सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात

बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को विकासखंड पलारी के ग्राम ओड़ान में आयोजित गोंडवाना आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल हुए। बावनगढ़ आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज तुरतुरिया माता महासभा लवन के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने पारंपरिक गोंडी रीति-रिवाज से विवाह बंधन में बंधे 28 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए सुखद दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की मांगों को स्वीकार करते हुए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कसडोल में कंवर समाज के लिए सामुदायिक भवन तथा नगर पंचायत पलारी में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही ग्राम ओड़ान में बड़ादेव ठाना में सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए और शनिमंदिर से बड़ादेव ठाना तक सीसी रोड निर्माण को मंजूरी प्रदान की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी सहायक होते हैं। उन्होंने आदिवासी समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर समाज को आगे बढ़ाना जरूरी है। युवाओं को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनकर समाज को नई दिशा देने की अपील भी की।

इस अवसर पर संसद कमलेश जांगड़े,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक कसडोल संदीप साहु, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0
12 views

Comment