logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर में महिला पुलिस की ‘रन फॉर इन्फर्मेंट’: 2 किमी दौड़ के जरिए जागरूकता का संदेश

शाहजहांपुर ,
22 मार्च 2026।
नवरात्रि पर्व के मद्देनज़र जनपद महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को महिला पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिस बल द्वारा ‘रन फॉर इन्फर्मेंट’ का आयोजन किया गया, जिसमें उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करीब 2 किलोमीटर की दौड़ पूरी की गई।

इस दौड़ को पुलिस लाइन से पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने गुलाबी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी (सीओ) तिलहर ज्योति यादव सहित बड़ी संख्या में महिला पुलिस अधिकारी और महिला कांस्टेबल मौजूद रहीं।

दौड़ पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों—रोडवेज बस अड्डा, कचहरी पुल, डीएम कार्यालय और एसपी कार्यालय—से होती हुई खिरनीबाग स्थित रामलीला मैदान तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। देशभक्ति गीतों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने न सिर्फ पुलिस बल का उत्साह बढ़ाया, बल्कि आमजन को भी महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि नवरात्रि के अवसर पर ‘मिशन शक्ति’ अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत पूरे जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को अपराध से बचाव, आत्मरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले शनिवार को महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा स्कूटी रैली निकाली गई थी। वहीं रविवार सुबह मंदिरों में जाकर महिला पुलिसकर्मियों ने दर्शन करने आई महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षा और सम्मान का वातावरण मजबूत किया जा सके।

0
0 views

Comment