शादी के पैसों से मानसी ने खोला जिम, बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल
शाहजहांपुर ।
जिले में महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। आनंद पुरम कॉलोनी निवासी मानसी मिश्रा ने शादी के लिए रखे गए पैसों से जिम खोलकर आत्मनिर्भरता की नई राह चुनी है। उनके इस साहसिक कदम की शहरभर में सराहना हो रही है।
रविवार को उनके जिम का उद्घाटन महापौर अर्चना वर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने मानसी के फैसले की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय में बेटियों का आत्मनिर्भर बनना बेहद जरूरी है और मानसी ने समाज के लिए एक सकारात्मक उदाहरण पेश किया है।
दरअसल, पढ़ाई पूरी करने के बाद जब परिवार ने मानसी से विवाह के लिए कहा तो उन्होंने इसे टालते हुए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई। उन्होंने अपने पिता आरेंद्र कुमार मिश्रा से आग्रह किया कि शादी पर खर्च होने वाले पैसों को उनके भविष्य के लिए निवेश किया जाए। शुरुआत में परिवार में इस बात को लेकर मतभेद भी हुआ, लेकिन मानसी अपने फैसले पर अडिग रहीं।
आखिरकार परिवार ने उनका साथ दिया और पिता ने शादी के लिए बचाए गए पैसे जिम खोलने में लगा दिए। मानसी एक प्रशिक्षित जिम ट्रेनर हैं। उन्होंने बीसीए की पढ़ाई की है, नीट भी क्वालीफाई किया है और दिल्ली से जिम ट्रेनिंग का प्रमाणपत्र प्राप्त किया है। इससे पहले वह शाहजहांपुर में जिम ट्रेनर के रूप में कार्य कर चुकी हैं।
महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि मानसी का परिवार बधाई का पात्र है, जिसने बेटी के भविष्य को प्राथमिकता दी। वहीं मानसी का कहना है कि उनके लिए फिटनेस और आत्मनिर्भरता सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में हर लड़की को अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए।
मानसी की यह पहल न केवल महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि समाज में बदलती सोच का भी संकेत दे रही है।