भजनिया में श्रीमद्भागवत कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, देवी कृष्णप्रिया के प्रवचन से भक्तिमय माहौल
मोहम्मदगंज (पलामू), झारखंड।
प्रखंड अंतर्गत भजनिया गांव स्थित पवित्र कोयल नदी के तट पर अवस्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित श्री रामचरित मानस नवाह्न परायण पाठ महायज्ञ के अंतर्गत चल रही श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के दौरान वृंदावन से पधारी अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचिका पूज्य देवी कृष्णप्रिया ने अपने ओजस्वी एवं मधुर प्रवचन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद्भागवत गीता भगवान का साक्षात शब्द स्वरूप है, जिसके प्रत्येक शब्द और वाक्य मानव जीवन में प्रवेश कर उसे सार्थक एवं सफल बनाने की शक्ति रखते हैं। उन्होंने आगे बताया कि भगवान ने मनुष्य को जीवन में आगे बढ़ने के लिए तीन प्रमुख मार्ग बताए हैं—भक्ति मार्ग, कर्म मार्ग और ज्ञान मार्ग। इन तीनों मार्गों के समन्वय से ही मनुष्य अपने जीवन को धर्ममय और सफल बना सकता है।
कथा के दौरान देवी कृष्णप्रिया ने सरल एवं भावपूर्ण शैली में भगवान की महिमा का वर्णन किया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। बीच-बीच में प्रस्तुत किए गए भक्ति गीतों—“व्रज में रत्न राधिका गोरी”, “जहां विराजे राधारानी” आदि—ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया।
ज्ञात हो कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 26 मार्च तक किया जाएगा। वहीं श्री रामचरित मानस नवाह्न परायण पाठ में विद्वान पंडितों द्वारा नियमित रूप से विधिवत पाठ किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में यज्ञ समिति के अध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह उर्फ मंटू सिंह, सी बी रमण सिंह,नर्वदेश्वर सिंह,राकेश कुमार सिंह (भैया जी), कामता मेहता, पप्पू प्रजापति, विश्वनाथ चौधरी, गोकुल गुप्ता, रामबालक गुप्ता, अखिलेश मेहता, राजू मेहता, मनोज सिंह, मनीष सिंह, रामसुंदर मेहता सहित समस्त ग्रामवासी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।