मुठभेड़ के बाद गो-तस्करी का वांछित आरोपी गिरफ्तार
मुठभेड़ के बाद गो-तस्करी का वांछित आरोपी गिरफ्तार
जिगना (मीरजापुर)। थाना जिगना पुलिस ने गो-तस्करी के एक मामले में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना जिगना में दर्ज मु.अ.सं. 55/2026, धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत आरोपी की तलाश की जा रही थी। शनिवार को उपनिरीक्षक आत्मराम यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी जिगना रेलवे स्टेशन के पास मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसके दौरान हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बच्चन उर्फ बचनू नट पुत्र कादिर उर्फ केदार, निवासी सिद्दीकपुर थाना सराय ख्वाजा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी जिगना संजय सिंह को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीम अन्य अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई है।