नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश: बीपीएसएमवी में कार्यक्रम आयोजित
खानपुर कलां — भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर द्वारा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर लर्निंग के सहयोग से “नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम” विषय पर एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नारकोटिक्स सेंटर से एएसआई आशीष एवं एएसआई सुरेश उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह युवाओं के भविष्य के लिए एक गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें, स्वयं जागरूक बनें और समाज में भी इसके खिलाफ जनजागरण फैलाएं।कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुषमा जोशी ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों का दायित्व केवल ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा देना और उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करना भी है।कार्यक्रम की विशेष आकर्षण नुक्कड़ नाटक रहा, जिसे अनु कुमारी, निशा कुमारी, निशा भारती, आरती कुमारी, इशिका कुमारी, तनु कुमारी, नंदिनी कुमारी, मोनिका कुमारी एवं वंदना सहित छात्राओं की टीम ने प्रस्तुत किया। यह टीम राष्ट्रीय स्तर पर दो बार विजेता रह चुकी है और अपनी सशक्त प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने नशे के खिलाफ प्रभावी संदेश दिया।करीब 200 छात्राओं की सक्रिय भागीदारी वाले इस कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा यह संकल्प लिया गया कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।कार्यक्रम में मंच संचालन प्रीति धनखड़ ने किया। नोडल अधिकारी मंजू पंवार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर प्रो. रामपाल, प्रो. संतोष, डॉ. अनीता अटवाल, डॉ. राजेश, डॉ. सुनीता सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।फोटो कैप्शन :-05 वक्ताओं का स्वागत करते आयोजक।