तीन दिवसीय ‘लोक कला उत्सव’ का समापन , कलाकारों के साथ जमकर थिरकी छात्राएं
खानपुर कलां -20 मार्च।
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में चल रहे तीन दिवसीय “लोक कला उत्सव” का आज समापन हो गया। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार ,उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के सहयोग धर्म पुत्र कला मंच एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ रीटा शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयं सेवा संघ के हरियाणा सह प्रचार प्रमुख श्री विक्रांत सिंह व नार्थ जोन कल्चरल केंद्र पटिआला के सहायक निदेशक श्री रविंद्र शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश ने की।
अपने सम्बोधन में समाजसेवी डॉ रीटा शर्मा ने कहा कि लोक कलाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की आधारशिला हैं, इन्हें सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।
उन्होंने कलाकारों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और अपनी निजी कोष से कलाकारों को 21,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अधिवक्ता राम कुमार मित्तल, सामाजिक सद्भाव प्रान्त टोली सदस्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोक कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कलाकारों के उत्साह वर्धन के लिए निजी कोष से 11000 /- की राशि प्रदान की।
उत्सव के अंतर्गत विभिन्न राज्यों से आई टीमों द्वारा लोक नृत्य एवं लोक गायन की रंगारंग प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। पंजाब की टीम ने लोक गीत गुद्दी , हरियाणा के पारंपरिक नृत्य घूमर , असम के बारदोई शिकला , महाराष्ट्र के लावणी और राजस्थान के चरी नृत्य , उत्तर प्रदेश के देदिया नृत्य तथा पंजाब के फोक बैंड और सिंगर गुरलीन कौर पटिआला ने दर्शको को थिरकने पर मजबूर कर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति में कलाकारों ने अपनी क्षेत्रीय परंपराओं और लोक जीवन की झलक को बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
धर्म पुत्र कलां मंच के अध्यक्ष मनोज जाले ने कहा कि महिला विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने उनकी ऊर्जा को और अधिक बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार तीन वर्षो से आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम की कर्णधार महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश है।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो शिवालिक यादव , प्रो हवा सिंह , छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो श्वेता सिंह , सह छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो जगदीप सिंगला ,डॉ इशानी , डॉ मोनिका, कार्यक्रम अमन व सैम भारद्वाज एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
फोटो कैप्शन :- 01 कलाकारों को सम्मानित करते डॉ रीटा शर्मा , कुलपति प्रो सुदेश व अन्य।
02 कार्यक्रम का आनंद लेते डॉ रीटा शर्मा कुलपति प्रो सुदेश व अन्य ।
03 & 04 कार्यक्रम में प्रस्तुति देते कलाकार।