मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में सजा पुनरीक्षण परिषद की बैठक, 6 कैदियों की रिहाई पर सहमति
रांची | 19 मार्च 2026-:झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण परिषद की बैठक मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें आजीवन कारावास की सजा काट रहे 15 कैदियों के मामलों की समीक्षा की गई। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद 6 कैदियों की रिहाई पर सहमति बनी।
बैठक में अदालतों, संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक, जेल अधीक्षक और प्रोबेशन पदाधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लिया गया।
रिहा कैदियों की काउंसलिंग और मॉनिटरिंग पर जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जेल से रिहा होने वाले कैदियों का पूरा डेटा बेस तैयार किया जाए। साथ ही उनकी काउंसलिंग, ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे दोबारा अपराध की ओर न बढ़ें।
उन्होंने यह भी कहा कि रिहा कैदियों को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, जिससे वे समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर सामान्य जीवन जी सकें।
डायन प्रथा पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचलित डायन बिसाही जैसी कुप्रथाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी Tadasha Mishra, गृह विभाग की अपर सचिव वंदना दादेल, विधि विभाग के प्रधान सचिव नीरज कुमार श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह निर्णय राज्य सरकार के सुधारात्मक न्याय प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।