जौनपुर: गौराबादशाहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के दो आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार
जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री कुवंर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गौराबादशाहपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने जानलेवा हमले (हत्या के प्रयास) के मामले में वांछित दो शातिर अभियुक्तों को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध असलहा और कारतूस भी बरामद हुआ है।
क्या था मामला?
घटना 19 मार्च 2026 की है। समोधीपुर निवासी शिवम कुमार यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि विपक्षीगण शराब के नशे में उपद्रव कर रहे थे। जब उनके चचेरे भाई लक्ष्मीशंकर ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो अभियुक्तों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से उन पर कट्टे से फायर कर दिया। गोली नहीं लगने पर अभियुक्तों ने कट्टे की बट से प्रहार कर लक्ष्मीशंकर को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस की त्वरित घेराबंदी और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम और सर्विलांस सेल ने मुखबिर की सूचना पर सलोनीमहिमापुर पोखरा के पास घेराबंदी की। दोपहर करीब 3:20 बजे पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
प्रमोद यादव (पुत्र स्व. राजदेव यादव, निवासी बिछलापुर, सरायख्वाजा) – इसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
धरम सिंह उर्फ हनुमान सिंह (पुत्र लालजी सिंह, निवासी चांदी गहना, सरायख्वाजा)।
अपराधिक इतिहास: पुराने खिलाड़ी हैं दोनों आरोपी
पकड़े गए दोनों अभियुक्तों का पुराना अपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मुख्य आरोपी प्रमोद यादव के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी और एससी/एसटी एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में 4 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, धरम सिंह उर्फ हनुमान सिंह के खिलाफ लूट और मारपीट के मामले पहले से दर्ज हैं।
पंजीकृत अभियोग:
पुलिस ने इन पर मु0अ0सं0 89/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
व.उ.नि. श्री मंशा राम गुप्ता (थाना गौराबादशाहपुर)
हे.का. वीरेन्द्र यादव प्रथम
का. सुधीर साहू