अयोध्या में चैत्र नवरात्र के प्रथम दिवस पर भव्य आध्यात्मिक अनुष्ठान, राष्ट्रपति ने की श्रीराम यंत्र की प्रतिष्ठापना
चैत्र नवरात्र के पावन प्रथम दिवस एवं विक्रम संवत 2083 के शुभारंभ के अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में एक भव्य और दिव्य अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर द्रौपदी मुर्मु ने पूज्य संतों की उपस्थिति में श्रीराम यंत्र की विधिवत प्रतिष्ठापना की तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम में आनंदीबेन पटेल और योगी आदित्यनाथ भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस दिव्य क्षण के साक्षी बने।
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने इस आयोजन को राष्ट्र की आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुष्ठान न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में लोकमंगल, सांस्कृतिक समृद्धि और सनातन मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं।
यह दिव्य आयोजन अयोध्या धाम की आध्यात्मिक गरिमा को और ऊंचाई प्रदान करता है तथा देशभर में श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश प्रसारित करता है।