कटरा सआदतगंज में गूंजा “बुद्धं शरणं गच्छामि” का जयघोष, भव्य समारोह में बुद्ध प्रतिमा का अनावरण व पुस्तकालय का उद्घाटन
उसहैत/बदायूं, 18 मार्च।जनपद बदायूं के उसहैत क्षेत्र स्थित कटरा सआदतगंज में बुधवार शाम एक भव्य और श्रद्धामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान बुद्ध की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। इस अवसर पर ज्ञान के प्रसार हेतु एक पुस्तकालय का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेत्ता वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न जिलों और प्रदेशों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं बुद्ध अनुयायी शामिल हुए।
कार्यक्रम में भिक्षु आलोक शोधार्थी (बनारस विश्वविद्यालय, वाराणसी), भिक्षु इंद्रजीत, डॉ. नवल किशोर शाक्य, सेवानिवृत्त इंजीनियर प्रज्ञा मित्र बौद्ध (राजस्थान), प्रसिद्ध कवि एवं शायर धनीराम समर्थ झालावाड़ (राजस्थान), एडवोकेट अंजली सैनी (मथुरा), नीरेश मौर्या, तृप्ति शाक्य, हीरालाल शाक्य एवं मनवीर शाक्य ने संयुक्त रूप से बुद्ध प्रतिमा का अनावरण और पुस्तकालय का उद्घाटन किया।
इस दौरान मैनपुरी से पधारे बुद्ध कथा वाचक प्रदीप शाक्य ने अपने भक्ति गीतों से समां बांध दिया, वहीं धनीराम समर्थ की प्रभावशाली शायरी ने भी उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और “बुद्धं शरणं गच्छामि” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शांति, करुणा और ज्ञान के संदेश का प्रसार करना रहा, जिसे उपस्थित जनसमूह ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आत्मसात किया।