उधार की रकम मांगने पर युवक से मारपीट, जातिसूचक अपमान; तीन आरोपियों पर प्रकरण दर्ज़
जुन्नारदेव। नगर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच एक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां उधार की रकम वापस मांगने पर एक युवक के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि उसे जातिसूचक गालियां देकर अपमानित भी किया गया। पुलिस ने इस प्रकरण में तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खापास्वामी डुंगरिया निवासी 18 वर्षीय आलोक पाटिल ने थाना जुन्नारदेव में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पहचान उजेर खान से थी। लगभग एक वर्ष पूर्व उजेर ने उससे 20 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसमें से 15 हजार रुपये वापस कर दिए गए, किंतु शेष 5 हजार रुपये लौटाने में वह लगातार टालमटोल कर रहा था।
पीड़ित के अनुसार, 14 मार्च को जब उसने फोन पर शेष राशि मांगी, तो आरोपी ने उसे तथा उसकी बहन को अशोभनीय एवं अपमानजनक गालियां दीं और धमकी भी दी।
इसके पश्चात 17 मार्च की रात्रि लगभग 8:10 बजे, जब आलोक अपने मित्रों से मिलने अंबेडकर चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने पहुंचा, तब वहां पहले से मौजूद आरोपी अयान खान, उजेर खान एवं अबूजर खान ने उसे घेर लिया। मामूली कहासुनी के बाद तीनों आरोपियों ने उस पर हाथ-थप्पड़, लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस दौरान पीड़ित को गंभीर चोटें आईं, उसकी नाक से रक्तस्राव हुआ तथा पसलियों और गाल पर भी चोट पहुंची।
घटना के दौरान आरोपियों ने पीड़ित को उसकी जाति को लेकर अपमानित किया तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। उपस्थित लोगों के हस्तक्षेप से पीड़ित को बचाया गया और तत्पश्चात उसे तत्काल जुन्नारदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रकरण दर्ज, पुलिस की सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर अपराध क्रमांक 95/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला कायम किया गया है।
आरोपियों का जुलूस निकालकर न्यायालय में पेश
नगर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका सार्वजनिक जुलूस निकाला। बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में हथकड़ी लगाकर आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से अयान खान एवं अबूजर खान को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी उजेर खान अभी फरार बताया जा रहा है।
नगर में बढ़ रही घटनाओं से चिंता
उल्लेखनीय है कि बीते कुछ महीनों से जुन्नारदेव में युवाओं के बीच विवाद एवं मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रात्रि के समय चौक-चौराहों पर युवाओं के जमावड़े को इन घटनाओं का प्रमुख कारण माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से सख्त निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि नगर की शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।