राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन
शाहगंज, जौनपुर। राजकीय महिला महाविद्यालय शाहगंज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन समारोह बुधवार, 18 मार्च 2026 को प्राचार्य प्रो. संजय कुमार के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद कुमार सिंह (विभाग प्रभारी, राजनीति विज्ञान, गांधी स्मारक पीजी कॉलेज समोधपुर) तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. राकेश कुमार यादव (विभाग प्रभारी, इतिहास) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सरस्वती वंदना एवं लक्ष्य गीत का गायन किया गया तथा अतिथियों का स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने स्वयंसेविकाओं को संबोधित करते हुए सेवा, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. राकेश कुमार यादव ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं स्वयंसेविकाओं के कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने छात्राओं को अनुशासन, नैतिकता एवं विवेकपूर्ण ज्ञान के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. शिवाजी सिंह ने सात दिवसीय विशेष शिविर के विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर प्राचार्य द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
उद्घाटन समारोह में डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, प्रो. अखिलेश द्विवेदी, सर्वजीत सिंह, प्रो. रमेश चंद्र, डॉ. अजय शुक्ला, डॉ. अमृता बरनवाल, श्री राज बहादुर जायसवाल, श्री रत्नेश कुमार, श्री संतोष कुमार, श्री सुरेश, श्री सुशील कुमार मिश्रा, श्री योगेंद्र, श्री अनुराग सहित महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।