logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

चैत्र नवरात्रि : नौ दिनों में छिपा मानसिक और आध्यात्मिक प्रबंधन

हिंदू संस्कृति में त्योहार केवल उत्सव मनाने का साधन नहीं है, बल्कि वे आत्म-चिंतन और आध्यात्मिक उन्नति के सोपान हैं। इनमें चैत्र नवरात्रि का स्थान अत्यंत विशिष्ट है। जहाँ एक ओर यह नव संवत्सर के आरंभ का प्रतीक है, वहीं दूसरी ओर यह साधक को अपनी सुषुप्त चेतना को जागृत करने का अवसर प्रदान करता है।

नवरात्रि केवल देवी की पूजा का पर्व नहीं, बल्कि ‘स्व की खोज और शक्ति’ के संचय की एक वैज्ञानिक और आध्यात्मिक प्रक्रिया है। आज की भागदौड़ भरी जि़ंदगी में यह महापर्व हमें ठहरने, सोचने और अपने आंतरिक विकारों से लडऩे का संदेश देता है। माँ दुर्गा के नौ रूप वास्तव में हमारी ही चेतना के नौ सोपान हैं, जो हमें सिखाते हैं कि कैसे भय पर विजय प्राप्त करनी है और कैसे ज्ञान का दीपक जलाना है।

जिस प्रकार हम दिन भर के कोलाहल के बाद रात में माँ की गोद में विश्राम पाते हैं, उसी प्रकार नवरात्रि वह समय है जब जीव अपनी भौतिक व्यस्तताओं से विमुख होकर अपनी अंतरात्मा (आदि शक्ति) की शरण में जाता है।

चैत्र नवरात्रि का समय ऋतु परिवर्तन का समय होता है। इसे ‘संधिकाल’ कहा जाता है-जब शीत ऋतु जा रही होती है और ग्रीष्म ऋतु का आगमन हो रहा होता है। प्रकृति में पुराने पत्ते झड़ते हैं और नए पल्लव आते हैं। ठीक इसी तरह, यह समय हमारे मन और शरीर के लिए भी नवीनीकरण का है।

इस दौरान किया जाने वाला उपवास केवल भोजन का त्याग नहीं है। यह शारीरिक विषहरण के साथ-साथ मानसिक शुद्धिकरण की प्रक्रिया है, ताकि हमारा शरीर आध्यात्मिक ऊर्जा को ग्रहण करने के लिए तैयार हो सके।

*शक्ति के नौ रूपों का मर्म* – नवरात्रि में माँ दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है, जो वास्तव में हमारी चेतना के क्रमिक विकास का प्रतिनिधित्व करते हैं:-
*1. प्रथम तीन दिन(तमोगुण का नाश)*– पहले तीन दिन माँ काली या दुर्गा के उग्र रूपों की आराधना होती है, जो हमारे भीतर के विकारों(काम, क्रोध, मद, लोभ) का नाश करती है। यह हमारी ‘जड़ता’ को तोडऩे का चरण है।
*2. मध्य तीन दिन(रजोगुण का विकास)*– अगले तीन दिन माँ लक्ष्मी के स्वरुप की पूजा होती है, जो सकारात्मक गुणों और दैवीय संपदा (प्रेम, दया, दान) का विकास करती हैं।
*3. अंतिम तीन दिन(सत्वगुण की प्राप्ति)* – अंतिम तीन दिन माँ सरस्वती के होते हैं। जो ज्ञान और प्रज्ञा का प्रतीक हैं। जब विकार नष्ट होते हैं और गुण आते हैं, तभी सच्चा आत्म-ज्ञान प्राप्त होता है।
*शक्ति से राम तक की यात्रा* – चैत्र नवरात्रि की पूर्णता ‘राम नवमी’ के साथ होती है। यह एक गहरा आध्यात्मिक संकेत है। जब एक साधक नौ दिनों तक शक्ति की उपासना कर अपनी आंतरिक ऊर्जा को शुद्ध कर लेता है, तब उसके ‘राम’ का जन्म होता है। यहाँ ‘राम’ का अर्थ है-मर्यादा, धर्म और परम सत्य। शक्ति(ऊर्जा) जब नियंत्रित और दिशा-निर्देशित होती है, तभी जीवन में रामत्व (दिव्यता) का उदय होता है।

अत: चैत्र नवरात्रि हमें यह संदेश देती है कि ईश्वर कहीं बाहर नहीं, हमारे भीतर ही विद्यमान हैं। यह पर्व हमें बाहरी दुनिया के शोर से हटकर अंर्तमुखी होने का आह्वान करता है। यह अपनी आत्मा को विकार मुक्त कर, उसे परमात्मा की शक्ति से जोडऩे का एक दिव्य अनुष्ठान है।
--- श्रीमती वीरेंद्र
मेरठ कैण्ट (उ.प्र.)

4
241 views

Comment