राँची में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, फ्लैट में लगी भीषण आग
राँची के पुंदाग ओपी क्षेत्र स्थित सेल सिटी में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फ्लैट में गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। ब्लॉक E-1 के एक फ्लैट में हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
धमाके की तेज आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग अन्य फ्लैटों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। हालांकि, प्रभावित फ्लैट के अंदर रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।