logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

स्वर्णरेखा पाइपलाइन कार्य पर विवाद, विधायक सरयू राय की पहल से निकला समाधान

जमशेदपुर के शंकोसाईं श्याम नगर क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी से एमजीएम अस्पताल तक पाइपलाइन बिछाने के कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। आरोप था कि संवेदक द्वारा पाइपलाइन मुख्य नाले के बीचो-बीच डाली जा रही थी, जिससे बस्ती की जल निकासी व्यवस्था बाधित होने का खतरा उत्पन्न हो गया था।

इस गंभीर समस्या की जानकारी स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र के विधायक सरयू राय को दी। मामले को संज्ञान में लेते हुए विधायक ने तुरंत संबंधित विभाग को निर्देश दिया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, खासकर ऐसी स्थिति में जब आम जनजीवन प्रभावित हो सकता हो।

विधायक की तत्परता का असर यह हुआ कि अगले ही दिन संबंधित विभाग के अधिकारी और कार्य कर रही संवेदक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर समस्या पर विस्तार से चर्चा की और समाधान निकाला।

बैठक में यह सहमति बनी कि बस्ती के जल निकासी मार्ग को किसी भी हालत में अवरुद्ध नहीं किया जाएगा। पाइपलाइन का कार्य इस तरह किया जाएगा कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जल निकासी की व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

इस सकारात्मक पहल और त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट होकर क्षेत्र के लोगों ने विधायक सरयू राय का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद दिया। स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई कि आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता दिखाई जाएगी।

1
0 views

Comment