मुंबई में अखिलेश यादव की सलमान खान से मुलाकात, सलीम खान का हालचाल जाना
मुंबई: सूत्र
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने मुंबई दौरे के दौरान महाराष्ट्र के स. पा नेता अबू असीम आजमी के साथ बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सलमान खान के पिता और मशहूर फिल्म लेखक सलीम खान के स्वास्थ्य के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली।
सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात पूरी तरह शिष्टाचार भेंट मानी जा रही है, लेकिन इसकी टाइमिंग और संदर्भ को लेकर सियासी और फिल्मी दोनों ही हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव ने परिवार के साथ कुछ समय बिताया और सलीम खान की तबीयत को लेकर चिंता जताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुलाकात के दौरान पारिवारिक हालात, फिल्म इंडस्ट्री के मौजूदा माहौल और देश के सामाजिक मुद्दों पर भी अनौपचारिक बातचीत होने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, इस बैठक को लेकर किसी भी तरह की राजनीतिक चर्चा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि सलमान खान और उनका परिवार लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री में प्रभावशाली रहा है, वहीं अखिलेश यादव भी राष्ट्रीय राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। ऐसे में दोनों की यह मुलाकात स्वाभाविक रूप से चर्चा का विषय बन गई है।
फिलहाल इस मुलाकात को एक निजी और शिष्टाचार भेंट के तौर पर ही देखा जा रहा है, लेकिन इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं।