हनुमत धाम की 104 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा का नवीनीकरण शुरू, हनुमान जयंती से पहले मिलेगा नया स्वरूप
शाहजहांपुर। शहर के प्रसिद्ध हनुमत धाम में स्थापित 104 फीट ऊंची विशाल हनुमान प्रतिमा का इन दिनों नवीनीकरण कार्य चल रहा है। आगामी हनुमान जयंती को देखते हुए प्रतिमा की रंगाई और मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को पर्व पर भव्य और आकर्षक स्वरूप में भगवान हनुमान के दर्शन हो सकें।
इस कार्य की जिम्मेदारी राजस्थान के झुंझुनू जिले के प्रसिद्ध मूर्तिकार वीरेंद्र शेखावत और उनकी टीम को दी गई है। वही टीम इस प्रतिमा का निर्माण भी कर चुकी है। वर्तमान में लगभग 10 से 15 कारीगरों की टीम प्रतिमा की रंगाई और मरम्मत में लगातार जुटी हुई है।
मूर्तिकार वीरेंद्र शेखावत ने बताया कि हनुमान प्रतिमा का निर्माण वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के प्रयासों से कराया गया था। यह भव्य प्रतिमा वर्ष 2013 में बनकर तैयार हुई थी। इसके निर्माण में करीब दस वर्षों का लंबा संघर्ष और परिश्रम लगा था, जबकि मूर्ति गढ़ने में ही लगभग साढ़े तीन वर्ष का समय लगा।
उन्होंने बताया कि प्रतिमा की ऊंचाई 104 फीट है, जबकि फाउंडेशन सहित इसकी कुल ऊंचाई करीब 125 फीट तक पहुंचती है। इतनी ऊंची प्रतिमा का रंग-रोगन करना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, इसलिए अनुभवी टीम को ही यह जिम्मेदारी दी गई है।
वीरेंद्र शेखावत के अनुसार प्रतिमा की रंगाई का कार्य 28 फरवरी से शुरू हुआ है और इसे पूरा करने में लगभग 25 से 26 दिन लगेंगे। अनुमान है कि 25 मार्च तक पूरा कार्य समाप्त हो जाएगा, जिससे हनुमान जयंती से पहले प्रतिमा पूरी तरह नए रूप में तैयार हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर मूर्तियों पर किया गया पेंट लगभग पांच वर्षों तक टिकता है। इसलिए समय-समय पर इसका नवीनीकरण करना आवश्यक होता है। हनुमान जयंती अप्रैल में होने के कारण हर साल मार्च महीने में ही रंगाई का कार्य पूरा करने की कोशिश की जाती है।
हनुमत धाम मंदिर समिति के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने बताया कि इतनी विशाल प्रतिमा की रंगाई का कार्य वही टीम बेहतर तरीके से कर सकती है, जिसने इसका निर्माण किया था। इसलिए वीरेंद्र शेखावत और उनकी टीम को ही यह जिम्मेदारी दी गई है।
मूर्तिकार वीरेंद्र शेखावत ने बताया कि उन्होंने राजस्थान में 1948 से अब तक शहीद हुए सैनिकों की कई प्रतिमाएं भी बनाई हैं। इन प्रतिमाओं को सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह के सहयोग से निजी खर्च पर स्थापित कराया गया है। इसके अलावा देश के कई अन्य स्थानों पर भी उनकी बड़ी प्रतिमाओं के निर्माण के कार्य जारी हैं।
हनुमत धाम की यह विशाल हनुमान प्रतिमा न केवल शाहजहांपुर बल्कि आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष हनुमान जयंती पर यहां हजारों भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।